Breaking

Thursday 2 April 2020

29 राज्यों में 2 हजार 56 मामले: एक दिन में रिकॉर्ड 437 केस; आंध्र प्रदेश में मरकज से लौटे सभी 43 लोग संक्रमित मिले

देश के 29 राज्यों में कोरोनावायरस के संक्रमितों की संख्या 2 हजार 56 हो गई है। 169 लोग ठीक हुए, जबकि 56 मौतें हुईं। मंगलवार से बुधवार तक 24 घंटे में रिकॉर्ड 437 नए केस सामने आए। मध्यप्रदेश के इंदौर के बुधवार देर रात 12 और मरीजों की कोरोनावायरस संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके साथ ही शहर में संक्रमितों की संख्या 75, जबकि राज्य में 98 पहुंच गई। वहीं, तेलंगाना में भी बुधवार को कोरोना संक्रमण के 30 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 3 की मौत हुई। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 9 हो गया है। मरने वाले सभी लोग दिल्ली में तब्लीगी जमात में हिस्सा लेकर लौटे थे। मुख्यमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी। महाराष्ट्र में देश के सबसे ज्यादा 335 कोरोना पॉजिटिव मिले। वहीं, अकेले तमिलनाडु में ही 110 नए पॉजिटिव मरीज मिले। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के अनुसार हैं।

वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को कहा- देश में अब संक्रमितों की संख्या 1 हजार 834 हो गई है। इनमें से 144 लोग ठीक हुए। कोरोना से अब तक 41 मौतें हुई हैं। इससे पहले, मंगलवार को देश में कोरोना संक्रमण के 272 नए मामले सामने आए थे। उधऱ, आंध्र प्रदेश में पिछले दो दिनों में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। 31 मार्च को रात 9 बजे तक राज्यभर में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 44 थी, जो 1 अप्रैल को सुबह 9 बजे बढ़कर 87 हो गई। यहां महज 12 घंटे में 43 नए मामले सामने आए। इस दौरान 373 संदिग्धों के सैंपल्स की जांच की गई थी। खास बात ये है कि बुधवार को पॉजिटिव मिले सभी 43 लोग दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तबलीगी जमात -ए-मरकज में हिस्सा लेकर लौटे थे। राज्य में जिलावार कोरोना पॉजिटिव मामले इस प्रकार हैं… अनंतपुर-2, चित्तूर -6, पूर्वी गोदावरी -6, गुंटूर-9, कडपा-15, कृष्णा-6, कर्नूल-1, नेल्लोर-3, प्रकाशम-15, विशाखापटनम-11 और पश्चिमी गोदावरी-13।

अभी तक 47951 लोगों की जांच हुई: आईसीएमआर

वहीं, संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि पॉजिटव मामले मंगलवार से बढ़ने शुरू हुए। इनका संबंध सीधे तौर पर तब्लीगी जमात में शामिल लोगों से है। जमात से जुड़े 1800 लोगों को 9 अस्पतालों में क्वारैंटाइन किया गया है। इसके अलावा अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य उपकरणों का प्रसार करने के लिए लाइफ लाइन उड़ान शुरू की जा रही हैं। इसके जरिए पिछले 5 दिनों में 15.5 टन मेडिकल उपकरणों की सप्लाई हुई। आईसीएमआर ने बताया कि देश में अभी तक 47951 लोगों की जांच हुई। जांच सेंटर्स की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है।

देश के 9 राज्यों का हाल

  • महाराष्ट्र; कुल संक्रमित- 335: बुधवार को एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी मे मिले संक्रमित की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रशासन ने 56 साल के इस मरीज को सायन अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अधिकारियों के मुताबिक उसे बुखार, खांसी, सांस लेने में समस्या थी और गुर्दे फेल होने जैसी स्थिति थी। मृतक के परिवार के सात सदस्यों को होम क्वारैंटाइन में रखा गया है। संक्रमित शाहू नगर की जिस बिल्डिंग में मिला था, उसे भी सील कर दिया गया है। मुंबई के ही चेंबूर के एक प्राइवेट अस्पताल साईं हॉस्पिटल में भर्ती एक व्यक्ति का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने अस्पताल को सील कर दिया। BMC ने व्यक्ति को कस्तूरबा अस्पताल में शिफ्ट कर दिया है। व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। इससे पहले, बुधवार सुबह मुंबई में 16 और पुणे में 2 और लोगों को कोरोना संक्रमित पाया गया। मंगलवार को 64 नए मामले सामने आए थे। पुणे के कलेक्टर नवल किशोर राम ने बताया कि जिले से दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकज की जमात में 130 लोग शामिल हुए थे। इनमें से कई लोगों का पता नहीं चल रहा है। उनकी तलाश की जा रही है। 60 लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है।
  • दिल्ली; कुल संक्रमित- 152: आज कैंसर इंस्टीट्यूट की महिला डॉक्टर समेत 3 संक्रमित मिले। डॉक्टर अपने भाई के घर गई थी, जो हाल ही में ब्रिटेन से लौटा था। दिल्ली सरकार ने अस्पताल को सैनिटाइज कराया। वहीं, पुलिस ने मजनूं का टीला इलाके के एक गुरुद्वारे में ठहरे करीब 250 लोगों को नेहरू विहार के स्कूल में शिफ्ट किया। ये लोग लॉकडाउन के चलते यहां फंस गए थे। दिल्ली में मंगलवार को 23 नए केस सामने आए। निजामुद्दीन इलाके में तब्लीगी जमात के मरकज में आए 2 हजार लोगों में से 1339 क्वारैंटाइन किए गए। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा- कोरोना के चलते 766 लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से 112 पॉजिटिव पाए गए हैं, बाकी संदिग्ध हैं। पॉजिटिव मिले 112 लोगों में से एक वेंटिलेटर पर है, जबकि दो मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट दिया गया है। बाकी 109 लोगों की स्थिति सामान्य है। मरकज से निकाले गए 536 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 1810 को क्वारैंटाइन किया गया है। केजरीवाल सरकार ने महामारी के दौरान ड्यूटी में लगे सरकारी और निजी कर्मचारियों की मौत होने पर परिजन को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया है।
  • मध्यप्रदेश; कुल संक्रमित- 98: मध्यप्रदेश के इंदौर में बुधवार देर रात 12 और मरीजों की कोरोनावायरस संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके साथ ही शहर में संक्रमितों की संख्या 75, जबकि राज्य में 98 पहुंच गई है। मंगलवार को 19 संक्रमित मिले थे। इनमें से अकेले इंदौर के17 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
  • राजस्थान; कुल संक्रमित- 120: राज्य में आज 17 मामले सामने आए, मंगलवार को 14 नए केस मिले थे। जयपुर, झुंझुनूं, डूंगरपुर, अजमेर में 1-1 व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनके अलावा ईरान से एयरलिफ्ट करके लाए गए लोगों में से 10 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
  • बिहार; कुल संक्रमित- 24: राज्य में बुधवार को 3 और मंगलवार को कोरोनावायरस के 6 नए मरीज मिले। दूसरी तरफ, सोमवार को सीतामढ़ी के मढ़ौल गांव में एक व्यक्ति को 2 लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला। व्यक्ति और उसका परिवार कल ही महाराष्ट्र से लौटे थे। मृतक ने कोरोना सहायता केंद्र को उनकी वापसी की सूचना दी थी, जिससे आरोपी नाराज थे। मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
  • उत्तरप्रदेश; कुल संक्रमित- 117: आज उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और मेरठ में दो मरीजों की जान गई। मंगलवार को यहां बरेली में 5 नए मामले सामने आए, उसके बाद शाम तक 3 और केस भी पॉजिटिव निकले। राज्य में सोमवार को 24 कोरोना संक्रमित मिले थे। सबसे ज्यादा 30 कोरोना पॉजिटिव गौतम बुद्ध नगर में हैं। उत्तरप्रदेश पुलिस का कहना है कि राज्य में उन 157 लोगों को भी तलाश लिया गया है, जो निजामुद्दीन स्थित मरकज के तब्लीगी इज्तिमा में शामिल हुए थे।
  • कर्नाटक; कुल संक्रमित- 110: बेंगलुरु और मैसूर देश के 25 हॉटस्पॉट में शामिल हैं। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने 1 साल की अपनी सैलरी सीएम रिलीफ फंड में दान करने का फैसला लिया है। उन्होंने अन्य लोगों से महामारी से लड़ाई के लिए सहयोग की अपील की है। दिल्ली के मरकज से कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में गए 12 लोगों को क्वारैंटाइन किया गया। कर्नाटक में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 5106 वाहनों सीज किए गए। मंगलवार को राज्य में कोरोना संक्रमण के 10 नए केस आए।
  • आंध्रप्रदेश; कुल संक्रमित 111: आज 57 नए मरीज मिले। मंगलवार को 21 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इस बीच, राज्य के उप मुख्यमंत्री अमजद बाशा ने कहा है कि वे 2 मार्च को मुस्लिमों के लिए 4% आरक्षण देने की मांग के मामले में सुप्रीम कोर्ट में हो रही सुनवाई में गए। बाशा ने कहा- मीडिया की कुछ खबरों में कहा जा रहा है कि मैं मरकज की जमात में गया था। यह झूठ है। उधर, मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी ने महामारी और लॉकडाउन को देखते हुए सरकारी कर्मचारियों का वेतन फिलहाल टालने का आदेश दिया है। मंत्री विधायकों और जन प्रतिनिधियों का वेतन भी रोका गया है। हालांकि, पेंशनर्स को घर-घर जाकर राशि का भुगतान किया जा रहा है।
  • गुजरात; कुल संक्रमित- 87: बुधवार को 13 और मंगलवार को संक्रमण के 4 नए मामले सामने आए। अहमदाबाद में 55 साल का एक व्यक्ति और गांधीनगर में एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राज्य में एक और संक्रमित बताया गया है, लेकिन वह कहां का है यह जानकारी नहीं दी गई। सोमवार को 7 नए मामले सामने आए थे।

सीबीएसई केवल जरूरी विषयों की परीक्षा कराएगा
इस बीच, मानव संसाधन विकास (एचआरडी) मंत्रालय ने कहा है कि कोरोनावायरस के चलते केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) केवल 29 मुख्य विषयों के लिए ही बोर्ड परीक्षा का आयोजन करेगा। इन विषयों के आधार पर ही छात्रों को यूनिवर्सिटी में एडमिशन मिलता है। बाकी विषयों के लिए परीक्षा नहीं होगी। सीबीएसई छात्रों को परीक्षा की तैयारी के लिए पूरा समय देगा। मूल्यांकन और मार्किंग के लिए भी जल्द ही दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
Coronavirus Delhi Kerala | Coronavirus Outbreak India Live Today News Updates March Delhi Kerala Maharashtra Rajasthan Haryana Cases Novel Corona COVID-19 Death Toll


from Dainik Bhaskar /national/news/coronavirus-outbreak-india-live-today-news-updates-delhi-kerala-maharashtra-rajasthan-haryana-cases-novel-corona-covid-19-death-toll-127089540.html

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box