Breaking

Sunday 22 March 2020

6 राज्यों के 93 शहरों में लॉकडाउन, सिर्फ जरूरी सेवाएं चल रहीं; देश में सबसे बड़ी स्क्रीनिंग भीलवाड़ा में

नई दिल्ली. कोरोनावायरस देश में तेजी से फैल रहा है। पिछले एक दिन में इस संक्रमण से मुंबई, पटना और सूरत में तीन मौत हो चुकी हैं। मुंबई में 63 साल, सूरत में 67 साल और पटना में 38 साल के मरीज की मौत हुई है। मुंबई और पटना में जान गंवाने वाले डायबिटिक थे, जबकि सूरत के मरीज को किडनी की समस्या थी। देश में इस बीमारी से अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 6 को डायबिटीज थी। देश में संक्रमितों की संख्या अब बढ़कर 349 हो चुकी है। देश धीरे-धीरे लॉकडाउन की तरफ बढ़ रहा है। 6 राज्यों के 93 शहरों में पूरी तरह लॉकडाउन है। वहीं, महाराष्ट्र और तमिलनाडु ने रविवार के जनता कर्फ्यू को एक दिन के लिए बढ़ाने की लोगों से अपील की है।

राज्य कितने जिलों में लॉकडाउन
राजस्थान सभी 33 जिले
उत्तराखंड सभी 13 जिले
पंजाब सभी 22 जिले
महाराष्ट्र 13 जिले
मध्यप्रदेश 9 जिले
उत्तर प्रदेश 3 जिले
कुल 93


महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में कहां लॉकडाउन
महाराष्ट्र में 13 जिले :
पिंपरी चिंचवड़, पुणे, मुंबई, नागपुर, यवतमाल, नवी मुंबई, कल्याण, अहमदनगर, रायगढ़, ठाणे, उल्हासनगर, औरंगाबाद और रत्नागिरि।
मध्य प्रदेश में 9 जिले : भोपाल, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, नरसिंहपुर, रीवा, बैतूल, ग्वालियर और छिंदवाड़ा।
उत्तर प्रदेश में 3 जिले : गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर(नोएडा) और लखनऊ।


देश में सबसे बड़ी स्क्रीनिंग भीलवाड़ा में, 27 मार्च तक 30 लाख आबादी की जांच होगी
भीलवाड़ा से कोरोना चेन बनी है। यहां एक संक्रमित डॉक्टर के जरिए 13 लोगों में संक्रमण फैला। फिर 6 हजार लोगों की स्क्रीनिंग करानी पड़ी। शनिवार को बांगड़ हॉस्पिटल के 5 और नर्सिंगकर्मी पॉजिटिव मिले। शुक्रवार को भी इसी अस्पताल के 3 डॉक्टर समेत 6 लोग पीड़ित पाए गए थे। अब भीलवाड़ा जिले को आइसोलेट करने के साथ पूरी 30 लाख की आबादी का सर्वे कर स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। कलेक्टर राजेंद्र भट्ट ने बताया कि भीलवाड़ा शहर में 300 टीमों ने 2 दिन में 40 हजार से ज्यादा परिवारों का सर्वे किया है। 27 मार्च तक जिले की स्क्रीनिंग कर ली जाएगी। अभी 722 लोग सामान्य खांसी-जुकाम से पीड़ित पाए गए हैं। 32 ऐसे लोगों का पता भी चला है जो हाल ही में विदेश से लौटे हैं या किसी विदेशी के संपर्क में आए हैं।


23 राज्यों तक पहुंचा कोरोनावायरस
देश के 23 राज्यों में कोरोनावायरस पहुंच चुका है। सबसे ज्यादा 74 मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। सिर्फ झारखंड, सिक्किम, अरुणाचल, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम में अभी कोरोनावायरस का मामला सामने नहीं आया है। कोरोना के 90% मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। सिर्फ 7% मामलों में रिकवरी हुई है।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
Coronavirus (COVID-19) India Lockdown; Coronavirus News | Coronavirus Lockdown Alert In India Rajasthan Maharashtra Madhya Pradesh Uttar Pradesh Uttarakhand Including 93 Cities


from Dainik Bhaskar /national/news/coronavirus-covid-19-india-lockdown-alert-in-rajasthan-maharashtra-madhya-pradesh-uttar-pradesh-uttarakhand-including-93-cities-latest-news-today-updates-127030460.html
via IFTTT

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box